उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में दस माह पहले जलाकर मारी गई दुष्कर्म पीड़िता का छह वर्षीय भतीजा रहस्यमय हालात में लापता हो गया। मृतका की बहन ने पूर्व के आरोपियों के परिजनों समेत गांव के कुछ लोगाें पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी, एसडीएम, एएसपी समेत कई थानों की फोर्स ने डॉग स्क्वॉयड के साथ बच्चे की तलाश की। शाम को गांव पहुंची आईजी रेंज लखनऊ ने परिवार की सुरक्षा में लगे हेडकांस्टेबल को सेवानिवृत्त तक और मृतका के भाई व बहन की सुरक्षा में लगे गनर को छह माह के लिए निलंबित कर दिया।
डीएम रवींद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़ित युवती को पांच दिसंबर को केरोसिन डालकर जला दिया गया था। दो दिन बाद उसकी मौत हो गई थी।
युवती की मौत के बाद सियासी माहौल गरमाया था। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है। अब 10 माह बाद शुक्रवार को देर शाम मृतक पीड़िता का छह वर्षीय भतीजा रहस्यमय हालात में लापता हो गया।
दुष्कर्म पीड़िता की बहन (लापता बच्चे की बुआ) ने गांव के ही हर्षित बाजपेई, सुंदारा पत्नी अमरनाथ लोधी, पूर्व की घटना में आरोपी रहे शिवम त्रिवेदी की मां सरोज त्रिवेदी, बहन अनीता त्रिवेदी और प्रधान के पति हरिशंकर त्रिवेदी उर्फ छुन्ना के भांजे कैप्टन बाजपेई पर भतीजे के अपहरण का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शनिवार सुबह एसपी आनंद कुलकर्णी, एएसपी विनोद कुमार पांडेय, सीओ व एसडीएम बीघापुर समेत अन्य अधिकारी लापता बच्चे के गांव पहुंचे। परिजनों के अलावा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। डॉग स्क्वॉयड टीम ने मौके और आसपास के खेतों में सर्च अभियान चलाया।
एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द बच्चे को सकुशल खोज निकाला जाएगा। शाम को गांव पहुंची आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने पीड़ित परिवार, सुरक्षा में लगे गनर व अन्य पुलिस कर्मियों से बातचीत की।
आईजी ने पीड़िता के भाई व उसकी बहन की सुरक्षा में लगे गनर नरेंद्र व अनुज को छह माह के लिए निलंबित कर दिया। पीड़िता के परिवार की सुरक्षा के लिए ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल राजेश को रिटायरमेंट तक के लिए निलंबित कर दिया।
आईजी बोलीं, अभी कुछ स्पष्ट नहीं
आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि परिजनों की बातचीत से अभी सब कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। परिजनों के अनुसार घटना की जानकारी उन्हें चार बजे हुई। पुलिस को उन्होंने लगभग 7:30 बजे सूचना दी। ड्यूटी कर रहे गनर 6:30 बजे तक ऐसी किसी घटना से अनजान रहे। लगभग 6:40 बजे परिवारीजनों ने शोरगुल मचा कर उन्हें घटना की जानकारी दी। आईजी ने घटना का जल्द खुलासा किए जाने की बात कही है।