रूरा। घर की दहलीज पर बैठे बुजुर्ग से चेेन लूटने वाले बदमाशों से शनिवार रात को सराय गढ़ेवा के पास पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से लंगडा हो गया। जबकि उसका साथी बाल अपचारी भी पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने बुजुर्ग के पड़ोसियों की योजना पर घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। रूरा थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने शनिवार रात डेढ़ बजे के करीब सराय गढ़ेवा अंडरपास के पास बाइक सवार दो बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की कार्रवाई में डेरापुर थाना के नुनानी निवासी अंकित सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। फायरिंग करने के बाद भाग रहे 17 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल, 12060 रुपये, लूट में प्रयोग की गई बाइक बरामद की है।
पूछताछ में अंकित ने पुलिस को बताया कि रूरा के राम नगर निवासी ध्रुवराज सिंह तोमर व सिंटू यादव ने लूट की योजना बनाई थी। उन दोनों के कहने पर उन्होंने पांच जून को ध्रुवराज के घर से 300 मीटर दूर रहने वाले बुजुर्ग बालिस्टर सिंह चौहान के गले से चेन लूट ली थी। इसके बाद जंजीर मुख्य आरोपी ध्रुवराज ने अपने पास रख ली थी और तीनों को 15-15 हजार रुपये दिए थे।
इसमें से बाल अपचारी को 13 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर किए थे। एसपी अरविंद मिश्र ने बताया कि आरोपी अंकित को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। शेष दोनों आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।