कानपुर। नर्वल थानाक्षेत्र में रविवार रात करबिगवां गांव में चारपाई पर लेटकर भजन गा रहे 76 वर्षीय शिवशंकर मिश्रा को पुरानी खुन्नस व नशे में धुत पड़ोसी बृजेंद्र सिंह उर्फ टीटू पर लाठी से पीट दिया। सीएचसी से हैलट रेफर कर दिया गया। इलाज में राहत मिलने पर वृद्ध घर आ गए। सोमवार सुबह पुलिस के बुलाने पर पत्नी के साथ थाने पहुंचे। वहां हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचे तो मृत घोषित कर दिया गया।
बेटी राजश्री उर्फ बिट्टन ने बताया कि रविवार रात करीब दस बजे खाना खाने के बाद पिता शिवशंकर घर के बाहर चारपाई पर लेटकर भजन गा रहे थे। इसी दाैरान नशे में धुत बृजेंद्र ने ताबड़तोड़ लाठियों से हमला कर दिया। सोमवार सुबह नाश्ता करने के बाद करीब आठ बजे थाने से एक दरोगा का फोन आया तो मां मनोरमा पिता को लेकर नरवल थाने पहुंचीं। वहां पिता की हालत बिगड़ने से माैत हो गई। आनन फानन में पुलिस पिता को लेकर सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि नशे में धुत टीटू उर्फ बृजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
मृतक के समधी पंकज शुक्ला ने बताया कि घर के बगल में ग्राम समाज की जमीन है जिसे करीब पचास साल पहले मुकदमे में जीत गए थे। शिवशंकर का कब्जा था। करीब दो साल से पड़ोसी टीटू जबरन उस जमीन में अपना गोबर डाल रहा था। शिवशंकर विरोध कर रहे थे कई जगह शिकायतें भी कीं जिसको लेकर वह काफी खुन्नस में था।
दामाद गगन शुक्ला ने बताया कि परिवार में सास और ससुर के अलावा कोई नहीं है। बेटी का विवाह हो गया है। घटना के वक्त पत्नी मनोरमा छत में लेटी थी उन्हें कम सुनाई देता है। जिससे वह रात में हुई घटना की आवाजें नहीं सुन पाईं। आरोपी ने घटना को अंजाम दिया तथा मौका पाकर भाग निकला।