कानपुर। नेगी एनक्लेव के मालिक गजेंद्र सिंह नेगी को धोखाधड़ी के एक मामले में जमानत मिल गई है। अपर जिला जज सप्तम आजाद सिंह ने जमानत अर्जी स्वीकार कर ली है। हालांकि कई और मुकदमे होने के कारण जेल से उसकी रिहाई नहीं हो सकेगी।
रावतपुर थाने में गजेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। अंजना अग्रवाल ने भी एक मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि 28 जून 2016 को 32.40 लाख रुपये में अंजना ने प्लॉट खरीदा था। किस्तें पूरी होने के बाद भी उन्हें प्लॉट का कब्जा नहीं दिया गया बल्कि रंगदारी मांगी गई। जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान नेगी के अधिवक्ता ने तर्क रखा कि वादिनी ने रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है लेकिन कब और कहां रंगदारी मांगी यह नहीं बताया। नेगी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है यह दीवानी का विवाद है जबरन इसे आपराधिक रंग दिया गया है। (संवाद)