हॉस्टल के बाहर छात्रों के बीच होती मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
काकादेव थानाक्षेत्र के रानीगंज स्थित शिवी बॉयज हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र को सात युवकों ने पीट दिया। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कन्नौज के अगौस गांव निवासी गगन चतुर्वेदी ऑनलाइन नीट की तैयारी कर रहा है। उसने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि परिचित विशाल तिवारी को कुछ रुपये उधार दिए थे। दो अक्तूबर को गगन को विशाल का कमरे का साथी अभिषेक यादव मिला। अभिषेक ने बताया कि विशाल उसके साथ नहीं रहता है।
तीन अक्तूबर को गगन ने अभिषेक से इस बारे में बात की। आरोप है कि इस पर अभिषेक गालीगलौज करने लगा। इसी बात की रंजिश में रात करीब 11 बजे अभिषेक अपने छह साथियों के साथ हॉस्टल पहुंचा।आरोपियों ने गगन को हाॅस्टल से बाहर बुलाकर पीटना शुरू कर दिया। गगन के दोस्त अमित मिश्रा ने बीचबचाव किया तो उसे भी पीटा गया। अभिषेक के साथियों में प्रांशु त्रिपाठी, देवा ठाकुर, नीरज अग्रहरी, शुभम यादव, वंश द्विवेदी और जुनैद खान शामिल हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती है। काकादेव पुलिस ने छात्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।