एटीएम से रुपये निकालते समय दूसरों की मदद कतई न लें
किसी भी अंजान व्यक्ति के हाथों में अपना एटीएम कार्ड न दें। वह आपको धोखा देकर एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसा निकाल सकता है। यह जानकारी सोमवार को साइबर क्राइम कंट्रोल टीम ने कानपुर देहात के भीड़भाड़ वाले 45 स्थानों पर दी।
सोमवार को एसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देश पर साइबर क्राइम, टप्पेबाजी, ठगी सहित अन्य अपराधों पर रोकथाम के लिए साइबर क्राइम कंट्रोल टीम की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम के प्रभारी विजय श्रीवास्तव ने अकबरपुर में रूरा चौराहे पर लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि एटीएम से रुपये निकालते समय दूसरों की मदद कतई न लें। अपने एटीएम कार्ड का कोड व बैंक खाता नंबर अंजान लोगों को कतई न दें। उन्होंने बताया कि बैंकों में धन निकासी के दौरान अंजान लोगों से फार्म भराने पर लोग बैंक खाता जान लेते हैं और मौका लगते ही रुपये निकाल लेते हैं। खाताधारक को बाद में इसका अहसास होता है। प्रभारी ने बताया कि बैंक एटीएम में एक से अधिक लोगों के मिलने पर कार्रवाई होगी। किसी भी शिकायत को थाने में देने के बाद रसीद के रूप में पीली पर्ची जरूर लें। किसी भी समस्या या शिकायत व्हाटसएप 9454457915 नंबर पर दी जा सकती है। इस दौरान टीम ने कालेजों में जाकर छात्र-छात्राओं को मुसीबत के समय 100 नंबर या 1073 नंबर डायल करने सहित अन्य जानकारी दी। सोमवार को साइबर क्राइम कंट्रोल टीम ने अकबरपुर सहित बारा जोड़, रनियां, रायपुर बैरियर, सरवनखेड़ा, ररुवा, गजनेर आदि जगहों पर लोगों को जागरूक किया।