काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (सीओए) ने सत्र 2019-20 में देश के सर्वश्रेष्ठ आर्किटेक्चर संस्थानों में प्रवेश के लिए नेशनल एप्टीट्यूड टेस्ट इन आर्किटेक्चर (नाटा) का नोटिफिकेशन रविवार को जारी कर दिया। इस बार से यह परीक्षा साल में दो बार आयोजित कराई जाएगी। पहली परीक्षा 14 अप्रैल को होनी है और दूसरी सात जुलाई को होगी।
नोटिफिकेशन के मुताबिक पहली परीक्षा के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं 24 जनवरी से 11 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं जबकि सात जुलाई को होने वाली परीक्षा के लिए 12 जून तक आवेदन करने का मौका मिलेगा। इस बार काउंसिल ने शैक्षिक अर्हता के कई बिंदु भी बदले हैं। वही छात्र नाटा के लिए आवेदन कर पाएंगे जिन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स से 12वीं की हो। इसमें भी 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य है। इंजीनियरिंग डिप्लोमा वाले छात्र भी आवेदन नहीं कर पाएंगे। अभी तक इसमें सभी को मौका मिलता था। बता दें कि नाटा के जरिये देशभर के 353 से ज्यादा कॉलेज अपने यहां संचालित होने वाले बीआर्क (बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर) के कोर्स में दाखिला लेते हैं। इसमें कानपुर के दो कॉलेज सहित उत्तर प्रदेश के 34 कॉलेज शामिल हैं।