भगवंतनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में शिरकत करने आए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए उन्हें इमोशनल ब्लैक मेलर बताया। वहीं दूसरी ओर सपा-कांग्रेस गठबंधन को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस को डूबता जहाज बताया और दावा किया आगामी विधानसभा चुनाव में सपा भी कांग्रेस की तरह ही डूबता जहाज साबित होगी। उन्होंने तीन तलाक के मामले में सीधे-सीधे सवाल कर दिया कि इस मुद्दे पर पीएम के बोलने का क्या मतलब है। इशारों-इशारों में ही सही सिद्दकी ने पीएम को ये साफ कर दिया कि वी इस मामले में खामोश ही रहे।
भगवंतनगर के मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री इमोशनल ब्लैक मेल करते हैं। जनता के बीच भाषण देते-देते रोने लगते हैं। छाती पीटने लगते हैं। अच्छे दिन लाने के उनके वादे के उलट पीएम ने देश के लोगों को लाइनों में खड़ा करके उनके बुरे दिन ला दिए। 100 दिन में काला धन लाने और गरीबों के खातों में 15 लाख रुपये भेजने का वादा तो पूरा नहीं हुआ, उलटा नोटबंदी में गरीब, मजदूर, किसान व व्यापारियों को अपना धन पाने के लिए मौत के दिन तक देखने पड़े।
कांग्रेस की तरह डूबता जहाज बन गई है सपा
उन्नाव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि भाजपा राम मंदिर व तीन तलाक के मुद्दे उठाकर प्रदेश में भाईचारा बिगाड़ने की फिराक में है। भाजपा, आरएसएस के इशारे पर दलितों व पिछड़ों को आरक्षण से वंचित करना चाहती है। उन्होंने सपा-काग्रेस गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में काम नहीं अपराध बोल रहा है। अगर काम किया होता तो कांग्रेस जैसी डूबते जहाज से गठबंधन नहीं करना पड़ता। इस चुनाव में सपा भी कांग्रेस की तरह डूबता जहाज साबित होगी। आरोप लगाया कि सपा के पांच साल के शासन में 500 दंगे हुए हैं। यह सपा और भाजपा की मिलीभगत से हैं। सपा के वर्ष 2012 के चुनावी वादों का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आरक्षण देने की बात कही गई थी, लेकिन नहीं दिया गया। खुद सीएम के पिता ही ने एक वर्ग विशेष की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। बसपा शासनकाल की कल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि बहन मायावती चार बार प्रदेश की मुख्यमंत्री रही हैं। उनके कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। दावा किया कि वर्ष 2017 में वह पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। बस आप सभी को एकजुट रहना है।