कानपुर देहात। अकबरपुर नगर पंचायत सभागार में बुधवार को कमेटी की बैठक हुई। इसमें गीला व सूखा कूड़ा अलग-अगल एकत्र करने के प्रति जागरूक करने के लिए नगर सखी नियुक्त करने पर सहमति बनी। वहीं, बाढ़ापुर में हाईवे पर 20 दुकानें बनाने की मंजूरी सदस्यों ने दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष दीपाली सिंह की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक हुई। पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की गई। सड़क किनारे ठिलिया आदि लगने से आवागमन में हो रही परेशानी के मद्देनजर वेंडिंग जोन में जमीन चिह्नित कर किराये पर देने की सहमति बनी। नबीपुर में सब्जी मंडी व टेंपों स्टैंड स्थल बनाने की मंजूरी दी गई। बाढ़ापुर में डूडा को सड़क बनाने के लिए अनापत्ति दिए जाने के साथ अयोध्यानगर में पिंक शौचालय और शिवाजी नगर में सार्वजनिक शौचालय बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ।
यूपीसीडा ने अनापत्ति लेकर कॉलोनी में पेयजल पाइप लाइन बिछाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। नगर पंचायत अकबरपुर का नवीन कार्यालय भवन और बाढ़ापुर में हाईवे पर शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाने की सहमति बनी। नगर पंचायत में पत्रकार कार्यालय भवन के लिए भूमि दिए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। यहां ईओ आशीष कुमार, वरिष्ठ लिपिक राजेश कुमार, सभासद अमृत कुशवाहा, शमसाद, मीरा देवी आदि रहीं।