शेयर बाजार में तमाम उठा-पटक के बीच वित्तवर्ष 2024-25 में कानपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों के म्यूचुअल फंड के एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी मिली। कानपुर का एयूएम 5,386 करोड़ रुपये तो उत्तर प्रदेश का एयूएम 55,622 करोड़ रुपये बढ़ा है।
म्यूचुअल फंड निवेश में कानपुर देश में 14 वें और प्रदेश में दूसरे स्थान पर काबिज है। शहर का निवेश करीब 34 हजार करोड़ रुपये है। देश के म्यूचुअल फंड कारोबार में कानपुर की हिस्सेदारी 0.51 फीसदी है। म्यूचुअल फंड निवेश में देश के टॉप 100 शहरों में उत्तर प्रदेश के 11 शहर हैं। वहीं 3,10,228 करोड़ रुपये के निवेश के साथ उत्तर प्रदेश देश में छठवें पायदान पर है।