झूले व व्यायाम के लिए लगाए गए उपकरण गायब
पार्क में एक तरफ बने चबूतरे पर टिनशेड लगा है। इनमें गायत्री यज्ञ सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम होते रहे हैं। सुबह, शाम मोहल्ले के लोग इसमें टहलते थे। दिन में बच्चे क्रिकेट, फुटबाल, बैडमिंटन आदि खेलते थे। अमर उजाला ने सोमवार को पड़ताल की, तो इस पार्क के मुख्य द्वार पर ताला लटक रहा था। छोटे गेटों पर टिन और बाउंड्री के ऊपर कंटीले तार लगाकर बंद किया गया था। पार्क के झूले व व्यायाम के लिए लगाए गए उपकरण गायब हैं।
फर्जी मुकदमा लिखवाकर जेल भेजने की धमकी दी
पार्क में सरसों की फसल लहलहा रही है, जिसमें फूल भी निकल आए हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि खुद को भाजपा नेता बताने वाले एक व्यक्ति ने पार्क पर कब्जा कर सरसों की फसल बो दी है। मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया, तो फर्जी मुकदमा लिखवाकर जेल भेजने की धमकी देकर भगा दिया। हालत यह है कि दबंग और उसके गुर्गे ही ताला खोलकर इस पार्क में जाते हैं और बाहर आते ही ताला लगा देते हैं। मोहल्ले के लोगों को अंदर नहीं जाने दिया जाता।
जिम्मेदारों ने कही ये बात
- पार्क में कब्जे और फसल उगाने की जानकारी नहीं है। बुधवार को मौके पर टीम भेजकर पार्क को कब्जामुक्त मुक्त कराया जाएगा। -दिवाकर भास्कर, अधिशासी अभियंता (पर्यावरण), नगर निगम
- यदि पार्क में अवैध कब्जा है तो क्षेत्रवासियों को शिकायत करनी चाहिए। बुधवार को मौके पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -कृपाशंकर पांडेय, उद्यान अधीक्षक, नगर निगम