वक्फ एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा
- फोटो : अमर उजाला
वक्फ एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुस्लिमों को पूरा विश्वास है। पिछली पांच साल की सरकार में मुस्लिमों ने देखा कि भाजपा किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। गुरुवार को कानपुर में यतीमखाना चौराहे पर ईद मिलन कार्यक्रम में आए वक्फ मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में मुस्लिम समाज अपने विकास और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह इत्मिनान में है। विश्वास और इत्मिनान लोगों के चेहरे से झलकता है। उन्हें लगता है कि अपने बच्चों को तालीम मिल सकेगी और रोजगार बढ़ेगा।
वक्फ मंत्री मोहसिन रजा ने बातचीत में कहा कि अभी तक पार्टियां मुस्लिम समाज को सिर्फ एक वोट बैंक ही समझती रही हैं। उनके विकास पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन भाजपा यह भेदभाव नहीं करती। सबका साथ और सबके विकास के साथ विश्वास भी बढ़ा है। सरकार की अल्पसंख्यक योजनाओं से लोग खुश हैं।
सरकार की पांच करोड़ बच्चों को छात्रवृत्ति दिए जाने की योजना है। इसका लाभ गरीब बच्चों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वक्फ संपत्तियों को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। संपत्तियां चिन्हित कराई जा रही हैं। वक्फ संपत्तियों की आमदनी बढ़ाई जाएगी।