कानपुर। बीसीसीआई की सीनियर वुमंस इंटर जोनल वनडे ट्रॉफी में सेंट्रल जोन ने नॉर्थ-ईस्ट जोन को 245 रन से हराया। इस जीत में उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) की खिलाड़ी सहारनपुर की मुस्कान मलिक और प्रयागराज की शिप्रा गिरी की शानदार शतकीय पारियां निर्णायक साबित हुईं। इसके साथ सेंट्रल जोन की टीम तीन मैचों में जीत के साथ 12 अंक लेकर अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर हुए मैच में सेंट्रल जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नुसरत परवीन मात्र दो रन बनाकर टीम के सात रन के कुल स्कोर पर बासुमात्री की गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद वर्णिका और शिप्रा गिरी ने पारी को संभाला और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। हालांकि वर्णिका 34 रन बनाकर रुबी छेत्री की गेंद पर आउट हो गईं।
इसके बाद मुस्कान मलिक और शिप्रा गिरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ-ईस्ट के गेंदबाजों को परेशान किया। दोनों बल्लेबाजों ने शतकीय पारियां खेलीं। मुस्कान मलिक ने 97 गेंदों में 17 चौकों और एक छक्के की मदद से 119 रन बनाए और निरुता की गेंद पर नाजमीन के हाथों कैच हुईं। इसके बाद शिप्रा गिरी ने मीनू मानी के साथ मिलकर 50 ओवर में तीन विकेट पर टीम का स्कोर 325 रन पर पहुंचाया। इसमें शिप्रा गिरी ने 149 रन बनाए। वहीं, नॉर्थ-ईस्ट जोन की तरफ से बासुमात्री, रुबी छेत्री और निरुता ने एक-एक विकेट लिया।
326 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ-ईस्ट जोन की टीम सेंट्रल जोन की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 35.2 ओवर में केवल 80 रन पर आउट हो गई। निरुता और फेलील ने टीम की ओर से सर्वाधिक 22-22 रन बनाए। सेंट्रल जोन की ओर से पूनम यादव ने चार, केआर जंजाद ने दो और एसएस कलाल तथा महक ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।