शिवली। देवीपुर गांव में किन्नर से शादी कराने की रंजिश में मजदूर की ईंटों से सिर कुचलकर हत्या करने के दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। मृतक के अनुसूचित जाति के होने पर बुधवार को पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट में एससी/एसटी की धारा बढ़ाई है। अब सीओ विवेचना करेंगे।
रविवार को अज्ञात युवक की सिर कुचली लाश देवीपुर में एक मकान के पीछे बबूल की झाड़ियों के पास मिली थी। पुलिस को मौके से खून सनी ईंटें मिलीं। एसपी केशव कुमार चौधरी ने मौके पर पहुंचकर थाना पुलिस को खुलासे के निर्देश दिए थे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए थे। मृतक की पत्नी गणेशपुर की रहने वाली संगीता ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की शिनाख्त पति कैलाश के रूप में की थी। इसके बाद देवीपुर के शिवनारायन व एक अन्य के खिलाफ पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोप लगाया है कि पति ने दस दिन पूर्व शिवनारायण की शादी बिहार में कराई थी। दुल्हन किन्नर निकली और रास्ते से फरार हो गई। इसकी रंजिश में शिवनारायण ने एक अन्य के साथ गहिरा से काम करते समय पति को बाइक से लाकर हत्या की। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश कर रही थीं। पुलिस ने पहले हत्यारोपी शिवनारायन को पकड़ा। उसने साथीं रघुवीर का नाम बताया। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों हत्यारोपी से पूछताछ की जा रही है।