फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: पुराने घरेलू मीटर से बन गईं बहुमंजिला इमारतें, केस्को को लाखों के राजस्व का नुकसान, ऐसे करते हैं खेल

Mon, 04 Dec 2023 11:06 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: इस खेल से केस्को को तो राजस्व का नुकसान होता ही है, साथ ही अवैध कनेक्शनों की वजह से फॉल्ट भी खूब होते हैं। दरअसल, 25 किलोवाट से ज्यादा लोड होने पर बिल्डर या हाउसिंग सोसाइटी को खुद का ट्रांसफार्मर लगवाना पड़ता है।
विज्ञापन
केस्को - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में केस्को प्रबंधन की आंखों में धूल झोंककर 250 बहुमंजिला इमारतों में बिना लोड स्वीकृत कराए कनेक्शन जारी कर दिए गए। मकानों में लगे पुराने कनेक्शन को पीडी (स्थायी विच्छेदन) कराए बिना उसकी बिजली का इस्तेमाल कर बहुमंजिला इमारतें तानी गईं।

विज्ञापन

इसके बाद उसी पुराने कनेक्शन के आधार पर बिल्डिंग में 10 से 18 कनेक्शन जारी किए गए। जरीबचौकी, आलूमंडी और बिजलीघर डिवीजन में यह गैंग सक्रिय है। अब ये शिकायतें केस्को एमडी सैमुअल पॉल एन के पास पहुंची हैं। इनमें तमाम बिल्डिंगों की जांच भी शुरू हो गई है।
ऐसे करते हैं खेल... राजस्व को लगाते चूना
इन तीन डिवीजनों की घनी आबादी वाले पुराने इलाकों में पुराने मकानों को तोड़कर बहुमंजिला अपार्टमेंट बन रहे हैं। दलाल और अभियंता के गठजोड़ से पुराने भवनों के कनेक्शनों का पीडी (स्थायी विच्छेदन) नहीं कराया जाता है। घरेलू बिजली मीटर से पूरी बहुमंजिला इमारत बन जाती है।

विज्ञापन

लोड बढ़वाने के लगते हैं 80 से 90 हजार
फिर पुराने कनेक्शन के पते के आधार पर धीरे-धीरे अपार्टमेंट के फ्लैटों में अलग-अलग कनेक्शन जारी किए जाते हैं। पुराने कनेक्शन का सबसे पहले लोड पांच किलोवाट या इससे ज्यादा कराया जाता है। 80 से 90 हजार रुपये लोड बढ़वाने के लगते हैं।

केस्को को प्रति बिल्डिंग करीब 10 लाख का नुकसान
इससे कनेक्शन थ्री फेज हो जाता है और बड़ी इमारत का लोड आसानी से झेल लेता है। पीडी न कराने से बहुमंजिला इमारत में नए कनेक्शन लेने पर नए पते का रिकॉर्ड केस्को के पास नहीं आता है। पांच से छह मंजिला इन इमारतों से केस्को को प्रति बिल्डिंग करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

इस खेल से ट्रांसफार्मरों पर पड़ता लोड, होते हैं फॉल्ट
इस खेल से केस्को को तो राजस्व का नुकसान होता ही है, साथ ही अवैध कनेक्शनों की वजह से फॉल्ट भी खूब होते हैं। दरअसल, 25 किलोवाट से ज्यादा लोड होने पर बिल्डर या हाउसिंग सोसाइटी को खुद का ट्रांसफार्मर लगवाना पड़ता है। ऐसा न करके अभियंताओं से साठगांठ कर ये लोग कनेक्शन ले लेते हैं। इससे केस्को के ट्रांसफार्मरों पर लोड पड़ता है और फॉल्ट होते हैं।

चमनगंज और आलूमंडी के अभियंता को नोटिस
केस्को के आलूमंडी डिवीजन के चीनापार्क सबस्टेशन से 89/209 बांसमंडी के बेवीज कंपाउंड में करीब 500 वर्ग गज के अपार्टमेंट में अवैध कनेक्शन जारी किया गया। जरीबचौकी के चमनगंज सबस्टेशन से 88/493 चूड़ी वाली मस्जिद के पास, 105/402 मोहम्मद अली पार्क-शफियाबाद, 88/463 ए चमनगंज हलीम कॉलेज चौराहा, 88/368 सेंट्रल बैंक के पास बिल्डिंग्स हैं।

चमनगंज और आलूमंडी के अभियंता भी फंसे
वहीं, 88/593 प्रेमनगर में प्रशांत नर्सिंगहोम के पास बड़ी बहुमंजिला इमारतों, चमनगंज के 88/416 हुमायूंबाग, सरांय, तीन नंबर प्लांट के आसपास, हाजी संपट चौराहे पर पुराने मकानों को तोड़कर पुराने बिजली कनेक्शन से भवन निर्माण कराया जा रहा है। ऐसी मल्टीस्टोरीज बिल्डिंगों की संख्या करीब 250 है। चमनगंज की हलीम कॉलेज चौराहे की बिल्डिंग 88/463 में अवैध कनेक्शन देने की जांच में चमनगंज और आलूमंडी के अभियंता फंस भी गए हैं। इनको नोटिस जारी किया गया है।

25 किलोवाट पर ट्रांसफार्मर जरूरी, इसकी काट भी निकाली
राज्य विद्युत नियामक आयोग की गाइडलाइंस है कि ग्राउंड समेत चार मंजिल की इमारत में बिजली कनेक्शन देने के लिए लोड स्वीकृत कराना होता है। 25 किलोवाट से अधिक का भार निकलने पर बिल्डर या उस बहुमंजिला इमारत की हाउसिंग सोसाइटी को अपना ट्रांसफार्मर लगवाना होता है। अब इसकी भी काट निकाली गई है। लोड 24 किलोवाट दिखाकर कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। चमनगंज के 88/416 हुमायूंबाग में बीते दिनों अवैध कनेक्शन बिना लोड स्वीकृति के जारी किया गया।
विज्ञापन

तीनों डिवीजनों में जिन बहुमंजिला इमारतों में बिना लोड स्वीकृत कराए कनेक्शन जारी किए गए हैं, उनकी जांच चल रही है। कई अभियंताओं से जवाब भी तलब किया गया है। अभी भी जो मामले सामने आएंगे, प्रबंधन संज्ञान लेकर जांच कराएगा। दोषी मिलने पर कार्रवाई भी होगी।  -एसके रंगीला, मीडिया प्रभारी, केस्को
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें