कानपुर देहात। शासन ने होम बेस्ड एजुकेशन के तहत बहु दिव्यांग बच्चों के लिए 20 अगस्त तक लर्निंग मैटेरियल खरीदने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए तीन लाख 95 हजार पांच सौ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। प्रति बच्चे पर 35 सौ रुपये खर्च किए जाएंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने जिले के 113 बहु दिव्यांग बच्चों को लर्निंग मैटेरियल उपलब्ध कराने के लिए धनराशि जारी की है। खरीदारी जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी। जिला समनव्यक समेकित शिक्षा अश्वनी आनंद ने बताया कि बीएसए से निर्देश प्राप्त हुए हैं। जनपद में कुल 2076 दिव्यांग छात्र पंजीकृत हैं। इनमें से 113 बच्चे ऐसे हैं, जो स्कूल जाने में असमर्थ हैं।
केंद्र सरकार की समेकित शिक्षा के तहत चिह्नित 113 बच्चों में प्रत्येक बच्चे के लिए 35 सौ रुपये की मंजूरी की गई है। इससे दृष्टिबाधित बच्चों और लो विजन छात्र-छात्राओं की विशेष शिक्षा प्रणाली स्टेशनरी के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाएगी। बताया कि समेकित शिक्षा से दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई सुगम बनाने को यह कदम उठाया गया है। इन बच्चों को घर पर ही सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को सबसे पहले समर्थ मोबाइल एप्लीकेशन पर दर्ज कराया जाएगा।