सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने चीन से देश को सबसे बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि चीन ने देश की लगभग एक लाख वर्ग किलो मीटर भूमि पर कब्जा कर लिया है, अब वह हमले की तैयारी में है। पूर्व रक्षा मंत्री रहे सपा संरक्षक ने कहा कि कई बार केंद्र सरकार को चेताया, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। इसका खामियाजा जल्द ही देश की जनता को भुगतना पड़ेगा। वह सोमवार को कन्नौज के प्रेमपुर ग्राम सरायगोपाल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। संबोधन में मुलायम ने गोरखपुर बीआरडी में बच्चों की मौतें व भाजपा नीतियों पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि जब वह रक्षामंत्री थे, तब भी उन्होंने चीन को देश के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था। आज भी वह इस बात को कह रहे हैं, फिर भी सरकार कोई अमल नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना चीन को जवाब देने में सक्षम है, लेकिन सरकार ने सेना के हाथ बांध रखे हैं। कहा कि चीन धोखेबाज है, उससे बातचीत नहीं बल्कि उसी की भाषा में जवाब देना चाहिए। सेना को खुली छूट दे दी जाए तो देश की सरजमीं पर कोई भी कदम नहीं रख सकता है। मुलायम ने कहा कि पाकिस्तान में इतनी हिम्मत नहीं है और वह हमारा कुछ बिगाड़ सके।