रूरा। किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए चार दिवसीय दौरे पर निकले क्षेत्रीय सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने शनिवार को कमलानगर स्थित हसनापुर माइनर का निरीक्षण किया। माइनर में गंदगी और झाड़ियां देखकर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की। साथ ही 15 दिन के भीतर माइनर की सफाई कराकर पानी चालू कराने का अल्टीमेटम दिया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह ने सांसद को हसनापुर माइनर और रूरा नहर में गंदगी की समस्या से अवगत कराया। वहीं गैजुमऊ के किसान नेता गरीबे यादव ने बताया कि कमलानगर वार्ड में माइनर से सटे करीब 50 घरों का गंदा पानी उसमें गिरता है। इससे माइनर में गंदगी जमा हो रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने रेलवे की ओर से बैरिकेडिंग कर करीब 50 साल पुराने रास्ते को बंद किए जाने की समस्या उठाई। उन्होंने कमलानगर से गैजुमऊ की ओर पैदल पुलिया बनवाने की मांग की।
इसके अलावा स्टेशन वार्ड के गोविंद तिवारी और मनोज सिंह समेत करीब 20 लोगों ने स्टेशन जाने वाले रास्ते पर रेलवे की ओर से बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए चूना डालकर रास्ता बंद किए जाने की आशंका जताई। सभी की समस्याएं सुनने के बाद सांसद ने मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार को 15 दिन में माइनर की सफाई कराने और एक माह के भीतर पैदल निकलने के लिए पुलिया निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। यहां सिंचाई विभाग के एसी केपी पांडेय, जेई महेंद्र प्रताप सिंह, रेलवे के एईएन देवेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।