शिकोहाबाद। आठ दिन पहले घर से स्कूटी लेकर निकले युवक का शव तीन दिन बाद जसवंतनगर क्षेत्र में बलरई के पास नहर से बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक की मां ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजन मंगलवार शाम थाने पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को पूरा मामला समझाया।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला रूकनपुरा महाराजा अग्रसेन स्कूल के समीप निवासी अमित उर्फ अंशू (22) गत आठ जुलाई को शाम चार बजे करीब नीले रंग की स्कूटी लेकर घर से निकला था। जिसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा था। उसकी मां सुनीता देवी ने बीते बुधवार को उसकी गुमशुदगी थाना शिकोहाबाद में दर्ज कराई थी। जिसका शव गत 11 जुलाई की शाम जसवंतनगर क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ था। इसके शव का इटावा पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था।
इस घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है। मंगलवार शाम मृत युवक की मां सुनीता देवी एवं अन्य परिजन थाने पहुंची। जहां उन्होंने युवक की हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृत युवक की मां ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र अच्छा तैराक था। घटना से पहले उसके दोस्त ही उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने परिजन की बातें सुनने के बाद मामले की जांच-पड़ताल कर न्याय दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।
फोटो-05-घटना की शिकायत करने पहुंचे मृत युवक के परिजन एवं अन्य