कानपुर। बिठूर में जालसाजों ने प्लाॅट दिलाने का झांसा देकर फर्रूखाबाद के कमालगंज निवासी लेखपाल अक्षय प्रताप की मां कुषमा देवी से 32.50 लाख रुपये ठग लिए। कुषमा देवी ने बताया कि प्लाट के सिलसिले में उनकी मुलाकात नारामऊ निवासी एक प्रापर्टी डीलर व उसके चार अन्य साथियों से हुई थी।
जालसाजों ने नारामऊ के बांगर में एक प्लाट की रजिस्ट्री भी करवा दी। इसके एवज में उन्होंने जालसाजों को 32.50 लाख रुपये भी दे दिए। आरोप है कि जब उन्होंने प्लाट पर बाउंड्रीवाल बनानी शुरु की तो काकादेव के गीतानगर निवासी एक शख्स ने खुद का प्लाट होने का दावा कर काम बंद करा दिया।
दोनों पक्ष जब बिठूर थाने पहुंचे तो पता चला कि वह जिस आराजी संख्या की रजिस्ट्री कराई है, वह वहां है ही नहीं। थाना प्रभारी प्रेमनरायन विश्वकर्मा ने बताया मामले की तहरीर मिली है। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की बात सामने आई है।उच्चाधिकारियों के अनुमोदन के बाद रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। संवाद