यूपी के औरैया जिले में अछल्दा थाना अंतर्गत स्कूटी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जा भिड़ी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बेटी चुटहिल हुई है। सोमवार सुबह बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोठी कुसमरा निवासी सुमन पत्नी अरुण कुमार (50) अपनी पुत्री रश्मी के साथ स्कूटी से बाबरपुर जा रहीं थी।
वह बाबरपुर में रहकर अपने बच्चों को शिक्षा दिला रही थीं। सुबह लगभग पौने 9 बजे ग्राम रामपुर वैश्य के पास निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के सामने ईंटों से भरे ट्रैक्टर से वह टकरा गई। लोगों का कहना है कि मिट्टी में फिसलन होने से संतुलन बिगड़ गया।
स्कूटी सवार सुमन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री रश्मी को हल्की चोट आई। थाना पुलिस ने मां, बेटी को सीएचसी पहुंचाया, जहां पर महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के पति अरुण कुमार सेना में हैं।
वह इस समय आसाम में तैनात हैं। घटना की सूचना परिजनों ने पति को दे दी है। महिला के 2 पुत्री रश्मी तथा देवी और 1 पुत्र सत्यम हैं। थानाध्यक्ष तारिक खान ने बताया कि ट्रैक्टर पकड़ लिया गया है। चालक घटना के बाद भाग गया। परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।