ट्रेन से गिर कर कटा बेटा तो मां ने भी तोड़ा दम (सांकेतिक तस्वीर)
कानपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बेटे का शव देख कर मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंख नम हो गई। बीमार मां और भाई के साथ दिल्ली से दरभंगा अर्मापुर (बिहार) स्थित अपने घर जा रहे युवक की मंगलवार तड़के पनकी के पास ट्रेन से गिरकर मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव गोविंदपुरी स्टेशन लाया गया। यहां पर बैठी मां ने भी बेटे के शव को देखकर दम तोड़ दिया। दरभंगा निवासी दीपू (21) दिल्ली में अपनी मां खजुरा महतो और छोटे भाई सुशील के साथ रहकर मजदूरी करता था। सुशील ने बताया कि कुछ महीनों से मां का स्वास्थ्य खराब चल रहा था।
रविवार रात ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस से वह भाई दीपू और मां के साथ घर लौट रहा था। पनकी के पास पैर फिसलने से दीपू कोच से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। गोविंदपुरी स्टेशन पर जीआरपी ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बीमार मां को जीआरपी चौकी में ही रोक लिया गया।
सुशील के मुताबिक वह जब भाई का शव लेकर जीआरपी चौकी पहुंचा तो मां बिलख पड़ी। सदमे से उसकी भी मौत हो गई। जीआरपी इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि भाई और मां की मौत से सुशील भी गश खाकर गिर गया था। किसी तरह उसे होश में लाया गया। दीपू का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। मां का बुधवार को पोस्टमार्टम होगा।