चलती ट्रेन से बेटी को लेकर कूदी महिला
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस से यात्रा कर रही मां और उसकी बेटी शोहदों की छेड़खानी से इतनी भयभीत हो गई कि अपनी जान की परवाह किए बगैर वो चलती ट्रेन से कूद गईं।
चलती ट्रेन में शोहदों की छेड़खानी से त्रस्त मां-बेटी शनिवार देर रात चंदारी स्टेशन के पास इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस से कूद गईं। इससे दोनों घायल हो गई। जीआरपी ने दोनों का हैलट में इलाज कराया। इससे पहले महिला ने मुगलसराय में जीआरपी से शिकायत की थी लेकिन शोहदे भाग निकले थे। फिर भयभीत महिला फतेहपुर के पास बेटी समेत ट्रेन से उतर गई।
जीआरपी ने दोनों को दूसरी ट्रेन से रवाना किया लेकिन दोनों इतनी भयभीत हो चुकी थीं कि दूसरी ट्रेन में भी उनको सुरक्षित होने का भरोसा नहीं हुआ और वे चलती ट्रेन से कूद पड़ीं। जीआरपी प्रभारी राम मोहन राय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हालांकि प्रथम दृष्टया महिला के आरोपों में दम नजर नहीं आ रहा है।
हावड़ा-आनंद विहार एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थीं
डेमो पिक
दिल्ली के गीता नगर निवासी प्राइवेट कर्मी की पत्नी अपनी बेटी के साथ हावड़ा अपने मायके गई थी। शुक्रवार को वह 12 वर्षीय बेटी के साथ हावड़ा-आनंद विहार एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थीं। दोनों जनरल बोगी में थीं। महिला ने बताया कि हावड़ा से उनकी बोगी में चार-पांच युवक बैठे थे। ट्रेन चलने के बाद रास्ते में युवकों ने उनसे और बेटी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। बदसलूकी भी की। उन्होंने बोगी में मौजूद यात्रियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई आगे नहीं आया। जब मुगलसराय स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो उन्होंने स्टेशन पर उतर कर हंगामा किया। इसकी सूचना मिलने पर जीआरपी कर्मी आए, लेकिन शोहदे बोगी से खिसक चुके थे।
हड़बड़ी में उसका सामान ट्रेन में ही छूट गया था
डेमो पिक
इसके बाद शोहदों के डर से वह बेटी के साथ दूसरी बोगी में जाकर बैठ गईं। इसके बाद फतेहपुर से पहले रसूलाबाद स्टेशन के पास ट्रेन धीमी होने पर बेटी के साथ उतर गईं। हड़बड़ी में उसका सामान ट्रेन में ही छूट गया था। इसके बाद वे लोग रसूलाबाद स्टेशन गईं, वहां से आरपीएफ ने महिला और बेटी को फतेहपुर स्टेशन भेज दिया। फतेहपुर जीआरपी थाने में उन्होंने पुलिस को पूरा वाकया बताया। ट्रेन में सामान छूटने की जानकारी भी दी। फतेहपुर जीआरपी ने इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस में बैठाकर उन लोगों को कानपुर भेज दिया।
उधर, जीआरपी फतेहपुर के सूचना देने पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने ट्रेन से उनका बैग उतार लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि शोहदों की हरकतों से वह और बेटी बहुत भयभीत थी। उन लोगों को लगा कि इस ट्रेन में भी शोहदे न चढ़ आए हों। रात अधिक होने पर शोहदे उन लोगों को आगे भी तंग करेंगे। इसी डर से वह बेटी को लेकर चंदारी स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूद गईं। इससे उन लोगों के सिर व शरीर पर चोटें आईं। घटना की सूचना पाकर जीआरपी मौके पर पहुंची और उन लोगों को हैलट में भर्ती कराया।
एसपी रेलवे का बयान
डेमो पिक
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला का करीबी रिश्तेदार भी ट्रेन में सफर कर रहा था। उससे और मां-बेटी की बोगी में सवार अन्य यात्रियों से पूछताछ की गई। यात्रियों का कहना है कि महिला ने कई लोगों पर बार-बार छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश का आरोप लगाया था। यह कहते हुए महिला ने कई बार शोर-शराबा किया था। महिला और उसकी बेटी को जीआरपी कानपुर की निगरानी में स्टेशन पर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। महिला के पति को बुलाया गया है।
पीके मिश्रा, एसपी रेलवे