बैंक आफ बड़ौदा आजाद नगर शाखा
संवाददाता ने फार्म मांगा तो बैंक कर्मी निखिल ने फार्म दे दिया। 10 मिनट बाद आजाद नगर निवासी छात्र आशीष ने भी जन धन योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए फार्म मांगा तो उन्हें मना कर दिया गया। कहा कि फार्म नहीं हैं। 500 रुपये से सामान्य सेविंग एकाउंट खुलवा लें। जब कैंप चल रहा था तो क्यों नहीं आए? एक अन्य ग्राहक ने कैशियर एस धवन से पूछा कि रूपे कार्ड नहीं आया है, कब तक आएगा तो उन्होंने झुंझलाते हुए कहा कि कार्ड ब्रांच से जारी नहीं होते हैं, मुंबई से आते हैं। कितने दिन में कार्ड आएंगे, इसकी जिम्मेदारी मेरी नहीं है। एक अन्य ग्राहक से महिला बैंक कर्मियों ने कहा कि जन धन योजना के एकाउंट जीरो बैलेंस से नहीं खुलते हैं। ग्राहक के शिकायत करने पर शाखा प्रबंधक असीम तिवारी ने कहा कि आपने परिवार के सभी सदस्यों के एकाउंट जन धन योजना से कैसे खोल लिए। परिवार के एक सदस्य का ही एकाउंट खुल सकता है। जब ग्राहक ने बताया कि कैंप में सबका परिचय दिया था तब ही एकाउंट खोले गये हैं।
‘योजना के तहत रोजाना सात-आठ खाते खुल रहे हैं। खाता खोलने की अंतिम तिथि 26 जनवरी है। नियम के अनुसार जिस परिवार का एकाउंट नहीं खुला है, वह ही एकाउंट खोल सकता है। इसके बावजूद परिवार के अन्य सदस्यों का भी एकाउंट खोला जा सकता है। अब हर ब्रांच में जीरो के बजाए कुछ न कुछ पैसे से एकाउंट खुलने लगे हैं क्योंकि खाता खोलने की कॉस्ट 45-47 रुपये आती है।’
असीम तिवारी, शाखा प्रबंधक
भारतीय स्टेट बैंक, विष्णुपुरी शाखा
एकाउंटेंट एके दुबे की सीट 15 मिनट तक खाली रही। इसके बाद जब वह आए तो संवाददाता ने एकाउंट खोलने को फार्म मांगा तो उन्होंने कहा कि परिसर में लगे खंभे पर कागज चिपका है उसमें लिखे नंबर से संपर्क करें। संवाददाता ने जब कागज पर लिखे नंबर 8115871910 को मिलाया, पहले तो दो बार फोन नहीं उठा। 30 मिनट बाद मिलाने पर दूसरी ओर से कैलाश ने बताया कि अभी फार्म नहीं हैं। कल अंतिम तिथि है। अगर तिथि आगे बढ़ी तो सोमवार को फार्म मिल जाएगा। फार्म लेने के लिए ख्यौरा, सूर्य विहार आना होगा।
आईसीआईसीआई बैंक, स्वरूप नगर शाखा
संवाददाता ने बैंक कर्मी ज्योति से प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत खाता खोलने का फार्म मांगा तो उन्होंने कहा कि ये खाता तो गरीबों के लिए है। आप सामान्य खाता खोलिए। नियम पूछने पर कुछ नहीं बताया और अपने अधिकारी वरुण के पास भेज दिया। वरुण ने पूछा कि कोई खाता नहीं है? संवाददाता के मना करने पर अचरज भरी नजर से देखते हुए वरुण ने संवाददाता को बैंककर्मी आशीष के पास भेज दिया। आशीष ने पूरी पड़ताल करने के बाद फार्म दिया।
बैंक आफ इंडिया साकेत नगर
बैंक आफ इंडिया की साकेत नगर शाखा में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक एसके त्रिवेदी ने बताया कि जन धन योजना के फार्म नहीं हैं। इसके बाद ग्राहक से पता पूछा और नसीहत दी कि अपने घर के आस-पास की अन्य शाखाओं में खाता खुलवा लें।
इलाहाबाद बैंक चावला मार्केट
इस शाखा में भी ग्राहकों को फार्म नहीं मिले। शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार ने बताया कि 10 जनवरी फार्म भरने की अंतिम तिथि है। 8 जनवरी को सारे फार्म बंट गए हैं। फोटोकापी के लिए फार्म भेजा है जो नहीं आया है।
सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, नटराज टाकीज, गोविंद नगर
संवाददाता ने जब जनधन योजना के तहत खाता खोलने का फार्म मांगा तो फार्म नहीं मिला। शाखा प्रबंधक नरेंद्र कुमार से संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला वह किसी कार्य से बाहर गए हैं।
24 जनवरी तक खोल सकते हैं जन धन योजना के खाते
कानपुर। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत खाते खोलने की अंतिम तिथि 25 जनवरी है लेकिन 25 जनवरी को रविवार होने की वजह से 24 जनवरी तक ग्राहक अपना खाता खोल सकते हैं। इसके साथ ही 11 जनवरी को रावतपुर में रामलला इंटर कालेज में खाते खोलने के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है जिसमें चार बैंक शामिल होंगे। यह जानकारी लीड बैंक मैनेजर आरके श्रीवास्तव ने दी। उन्होंने बताया कि जन धन योजना के तहत कानपुर जिले के सभी बैंकों ने प्रत्येक परिवार का एक खाता खोलने का सर्टिफिकेट दे दिया है। बताया कि परिवार के सभी सदस्य अपना एकाउंट खोल सकते हैं। अगर परिवार के एक सदस्य का खाता खुल गया है तो योजना का काम पूरा हो जाता है। ग्राहक जब रूपे कार्ड एक्टिवेट करेगा तभी दुर्घटना बीमा का लाभ मिलेगा। 45 दिनों में कुछ न कुछ जमा-निकासी करनी होगी। कार्ड आने में देरी हो रही है क्योंकि बड़ी संख्या में खाते खुले हैं। अभी कार्ड 10-15 दिनों में आ रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक सवा लाख खाते खुल चुके हैं।
बिना कोई दस्तावेज वाले भी खोल सकेंगे एकाउंट
जिसके पास कोई भी दस्तावेज नहीं हैं वो छोटा खाता खोल सकते हैं। इसमें एक साल का टाइम दिया जाता है ताकि वह अपने दस्तावेज जमा कर सके। इसके तहत तीन तरह की रोक रहती है। एक माह में दस हजार से ज्यादा रकम निकाल नहीं पाएंगे। किसी भी समय पचास हजार से ज्यादा शेष नहीं रहना चाहिए। साल भर में कुल जमा एक लाख से ज्यादा न हो।
कोई न सुने तो लीड बैंक मैनेजर से कहें
अगर किसी व्यक्ति को जन धन योजना के खाते खोलने में कोई समस्या आ रही हो तो वह लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) आरके श्रीवास्तव से उनके मोबाइल नंबर 8601875624 पर संपर्क कर सकता है। रविवार से अब तक एक हजार से अधिक ग्राहकों ने खाता खोलने में आ रही समस्याओं को लेकर उनसे शिकायत की है।