कानपुर। आवास विकास केशवपुरम में निर्मला सिंह की हत्या कर हुई लूटपाट में दो से अधिक के शामिल होने की आशंका है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में सेवानिवृत्त प्रवक्ता और बदमाश के जाने और आने के समय में चार से पांच मिनट का अंतर ही मिल रहा है। आशंका है कि कोई ऐसा था जो कि प्रवक्ता पर नजर रखे हुए था। वह घर के अंदर घुसे बदमाश को पल पल की जानकारी दे रहा था।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि वारदात में दो से अधिक लोग शामिल हैं। अब तक हुई जांच में सामने आया है कि चेहरा ढंककर घर में घुसे युवक को बाहर से सारी जानकारी मिल रही थी। मोहल्ले में एक जगह ऐसी भी दिखी है जहां पर रिटायर्ड प्रवक्ता और लुटेरा एक दूसरे के बगल से जाते हुए दिखाई दिए हैं। आरोपी की तलाश में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। एक जगह आरोपी ऑटो में बैठता नजर आ रहा है। यह ऑटो नमक फैक्टरी चौराहे की ओर गया है। पुलिस वहां के सीसीटीवी कैमरों की जांच करा रही है।
नौकरानी पर शक की सुई
पुलिस की शक की सुई सेवानिवृत प्रवक्ता हरेंद्र सिंह के घर आने वाली नौकरानी पर जा रही है। गुरुवार को घटना होने पर वह काम पर नहीं आई, जबकि उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस ने उसे और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है। दो अन्य को उठाया गया है। नौकरानी को जानकारी थी कि बुजुर्ग दंपती शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार जाने वाले हैं। उसको जेवरात के बारे में भी पता था। घटना के दौरान निर्मला सिंह चीखीं या चिल्लाई नहीं, जिससे लगता है कि कोई उनकी जान पहचान वाला ही था। नौकरानी के पहले पति के तीन बेटे चौबेपुर में रहते हैं। दूसरे पति से एक बेटा है। उसके बेटे केशवपुरम में कई बार आ चुके हैं।
सीसीटीवी फुटेज में निकला झूठ
डीसीपी पश्चिम एमएम कासिम ने बताया कि पुलिस ने कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया गया है। एक में सेवानिवृत्त प्रवक्ता घर के नजदीक शराब की दुकान में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहां शराब के लिए रुपयों का ऑनलाइन भुगतान किया। ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उनसे भी पूछताछ की जा सकती है।