कानपुर। चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र ने मानसून को फिर सक्रिय कर दिया है। गुरुवार को शाम को नमी बढ़ते ही बारिश होने लगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि आने वाले दिनों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। मानसून फिर सक्रिय हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार यह मानसून की विदाई से ठीक पहले उसकी री-एंट्री है। बंगाल की खाड़ी में बने एक मजबूत कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती हवाओं की वजह से मानसून प्रदेश में फिर से अत्यधिक सक्रिय हो गया है। इस मौसमी सिस्टम के कारण कानपुर और आसपास के इलाकों में बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार है।
उन्होंने बताया कि मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। यह सिस्टम 25 से 27 सितंबर तक सक्रिय रहेगा जिससे शहर में झमाझम और मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। 27 सितंबर के बाद जब यह सिस्टम कमजोर होगा तो मौसम पूरी तरह साफ होना शुरू हो जाएगा।