माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। मानसून आने के दूसरे दिन बढ़ी नमी ने मौसम का मूड पलट दिया और शुक्रवार सुबह तेज बारिश हो गई। 56 सालों में तीन जुलाई को इतनी बारिश कभी नहीं हुई। इसके साथ ही धूप निकलने पर अधिकतम तापमान 24 घंटे में दो डिग्री और बढ़ गया। आने वाले पांच दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को 108.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रोद्योगिकी विवि के मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 56 सालों में तीन जुलाई को कभी 108.8मिमी बारिश नहीं हुई। इसके पहले वर्ष 2008 में छह जुलाई को 209.4 मिमी और वर्ष 2011 की एक जुलाई को 101 मिमी बारिश हुई थी। वि वि की मौसम वेधशाला में शुक्रवार सुबह 99.8 मिमी और शाम को 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वि वि के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को दिन और रात को गर्मी और उमस रही है। इससे निम्न दबाव बन गया इससे माहौल में नमी बन गई। घने बादल बने और तेज बारिश हो गई। सुबह करीब 50 मिनट में 99.8 मिमी बारिश हो गई। उन्होंने बताया कि मानसून आ गया है। जैसे ही निम्न दबाव बनेगा नमी बढ़ जाएगी और बारिश होने लगेगी।
24 घंटे में अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 35.6 डिग्री हो गया। वहीं बादल छाए रहने की वजह से रात का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री घटकर 24 डिग्री हो गया। सीएसए की वेधशाला में दोपहर को हवाओं की दिशा उत्तर पूर्वी रही। गति 3.6 किमी प्रति घंटा रही। सुबह और शाम को बारिश के दौरान गति करीब 15 किमी प्रति घंटा हो गई। मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों में बादल छाए रहने और तेज हवा का पूर्वानुमान जारी किया है।