उन्होंने छोटी-छोटी टोलियां बनाकर घर-घर संपर्क करने का कार्यक्रम बढ़ाने पर जोर दिया। संघ प्रमुख के साथ सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी लखनऊ गए। बताया जा रहा है कि सभीप्रमुख पदाधिकारी संघ और सरकार की आगे की रणनीति पर मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख लोगों के विचार विमर्श कर सकते हैं।
कानपुर से शाम चार बजे संघ प्रमुख को विदाई देने वालों में क्षेत्र संघचालक वीरेंद्र जीत सिंह, क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक श्रीराम, विभाग प्रचारक मनोज, विभाग कार्यवाह भवानी भीख, प्रचार प्रमुख अनुपम, जिला प्रचारक संतोष आदि शामिल रहे।
संघ प्रमुख के सामने उठा आयुध निर्माणियों के निगमीकरण का मुद्दा
आयुध निर्माणियों के प्रस्तावित निगमीकरण से देशभर के 80 हजार और उत्तर प्रदेश के 20 हजार कामगारों पर पड़ने वाले असर को लेकर भी संघ प्रमुख की बैठक में चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक, 15 दिन पहले संघ प्रमुख ने भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष को नागपुर आमंत्रित किया था।
उनसे कामगारों की स्थिति को लेकर बातचीत की थी। वहीं, संघ प्रमुख के महानगर आगमन से एक दिन पहले भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री मुकेश सिंह ने स्थानीय संघ पदाधिकारियों के माध्यम से उन्हें एक मांग पत्र भेजा था। इसमें प्रदेश की सभी आयुध निर्माणियों के निगमीकरण को रोकने का अनुरोध किया गया था। माना जा रहा है कि संघ प्रमुख इस मांग पत्र पर भी केंद्र सरकार से चर्चा कर सकते हैं।