कानपुर। एस्कॉर्ट्स वर्ल्ड स्कूल की ओर से मंगलवार को आर्मरीना ग्राउंड में वार्षिक खेल दिवस ‘स्पोर्टिवा’ का आयोजन किया गया। विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़, हर्डल रेस, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद और टग ऑफ वॉर जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई।
हर्डल रेस में मोहम्मद अनस और वैष्णवी ने स्वर्ण पदक जीता। अभिनव व दीपाली को रजत तथा रुद्रांश व आयुषी को कांस्य पदक मिला। 100 मीटर दौड़ में जतिन और सुमुखी ने स्वर्ण, अर्पित व जन्नत ने रजत और अरनव व प्रीति ने कांस्य पदक जीता।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडीसीपी मुख्यालय डॉ. अर्चना सिंह ने किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ओलंपिक मशाल रिले रही। खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ छात्रों ने मानव पिरामिड निर्माण और मार्शल आर्ट प्रदर्शन से दर्शकों को आकर्षित किया। भरतनाट्यम, योग और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष रंग भरा। कार्यक्रम के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।