6.5 किलो वजन के मॉडल का 37800 था बेस प्राइज
लगभग 6.5 किलो वजनी यह मेट्रो ट्रेन मॉडल लाल मखमली वस्त्र से ढंके बॉक्स में रखा है। इस मॉडल को भारत सरकार के ओपन ऑक्शन पोर्टल ‘पीएम मेमेंटोस’ पर ऑनलाइन नीलामी के लिए रखा गया। नीलामी के लिए इस मॉडल का बेस प्राइज 37,800 रुपये तय किया गया था। ई-नीलामी पोर्टल पर कई बार लगी बोलियों के बाद नीलामी 5,95,200 रुपये की बोली पर रुकी।
नमामि गंगे में उपयोग होगी धनराशि
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट की तरफ से प्रधानमंत्री को भेंट किए गए चयनित स्मृति चिन्हों की ऑनलाइन नीलामी ‘पीएम मेमेंटोस’ पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इस साल पीएम मेमेंटोस पोर्टल पर 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक लगभग 1,222 स्मृति चिन्हों की नीलामी की गई। इस नीलामी के माध्यम से जुटाई गई धनराशि राष्ट्रीय नदी गंगा के संरक्षण और कायाकल्प के लिए चल रहे ‘नमामि गंगे‘ कार्यक्रम में उपयोग की जाएगी।
कानपुर में मेट्रो सेवाओं के उद्घाटन के अवसर पर पीएम को यहां की मेट्रो का मॉडल भेंट करना हमारे लिए बहुत गर्व का क्षण था। आज (बुधवार) को मुझे यह जानकर और भी गर्व महसूस हो रहा है कि इस मॉडल को प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे जैसे नेक कार्य के लिए नीलाम किया है। यूपीएमआरसी के लिए यह गर्व की बात है कि हमें भी किसी न किसी तरह से इस कार्य से जुड़ने का सौभाग्य मिला। -सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक, यूपीएमआरसी