कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां के प्रति नाराजगी जताते हुए आंदोलन की रणनीति बनाई
रामपुर में घोसियाना यतीमखाना इलाके में घोसी समाज की बस्ती उजाड़ने के विरोध में प्रदेश भर का घोसी समाज एक प्लेटफार्म पर आ गया है। घोसी बिरादरी के सबसे बड़े संगठन आल इंडिया मुस्लिम घोसी एसोसिएशन ने शुक्रवार को चमनगंज में बैठक कर सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां के प्रति नाराजगी जताते हुए आंदोलन की रणनीति बनाई।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद वसीक ने बैठक में कहा कि रामपुर में घोसियाना यतीमखाना की वक्फ संपत्ति में बसे सैकड़ों परिवारों को उजाड़ा गया है। आजम खां अपने मंत्री पद और सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। अगर उजाड़े गए परिवारों को दोबारा बसाकर मुआवजा न दिया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के खिलाफ पूरा समाज सबक सिखाने की कोशिश करेगा। बैठक में यह तय हुआ कि शनिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ज्ञापन भेजकर जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाएं। साथ ही उजड़े परिवारों को दोबारा बसाया जाए। इस मौके पर कई जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।