कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने फोन पर बताया कि वहां सपा के लोग खनन कर रहे हैं। 14 मार्च को डॉक्टर साहब (अजीत गंगवार) के साथ वह भी थीं। हमारी गाड़ी आगे निकल गई थी। उनकी गाड़ी को खनन करने वाले सपा के लोगों ने रोक लिया। ठेकेदार ने ही अभद्रता की।
भाजपा गठबंधन की पार्टी अपना दल (एस) की कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि के पति डॉ. अजीत गंगवार पर कंपिल स्थित सूत मिल में कबाड़ खरीदने वाले ठेकेदार से मारपीट का आरोप लगा है। ठेकेदार ने कंपिल थाने में तहरीर दी है।
विज्ञापन
इसमें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सूत मिल के सुपरवाइजर से बात करते हुए विधायक के पति का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
सूत मिल के भवन को ध्वस्त कर मलबा हटाने काम चल रहा है। ठेका राजस्थान की कंपनी के पास है। राजस्थान निवासी सुपरवाइजर गणपत चौधरी मिल में काम देखते हैं। मिल से निकलने वाले मलबे को कंपिल थानाक्षेत्र के गांव पुरौरी निवासी ठेकेदार अखिलेश खरीदकर बाहर ले जाते हैं।
विज्ञापन
मलबे को लेकर कुछ दिनों से रार चल रही है। अखिलेश के पिता किशन लाल ने शनिवार शाम कंपिल थाने में तहरीर दी। किशन लाल के अनुसार बेटा अखिलेश उर्फ लालू सूत मिल में था।
आरोप है कि शनिवार शाम करीब चार बजे कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि के पति डॉ. अजीत गंगवार सरकारी गनर और 10-12 अज्ञात लोगों के साथ पहुंचे और अखिलेश से मारपीट की। साथ ही जान से मारने व उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है।
अखिलेश का कहना है कि विधायक के पति और उनके साथ आए युवकों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। इससे उसे अंदरूनी चोटें आई हैं। तहरीर में उसने कुछ लोगों के नामों का भी उल्लेख किया है।
सुपरवाइजर गणपत लाल चौधरी ने बताया कि मिल से केवल मलबा ट्रैक्टरों से बाहर भेजा जा रहा है। खनन जैसा कोई कार्य नहीं हो रहा है। कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। पीड़ित के कोई जाहिरा चोट नहीं है। फिर भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। उनके पास एक वीडियो आया है उसमें मारपीट होते नहीं दिख रही है।
डॉ. अजीत गंगवार ने बताया कि उनसे ग्रामीणों ने सूत मिल में खनन होने की शिकायत की थी। इससे वह वहां गए थे। वहां कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर से बात कर रहे थे जिसने तहरीर दी उससे तो बात ही नहीं हुई। वह सपा का एजेंट है इसलिए ऐसे आरोप लगाए हैं।
वीडियो बनाने से गुस्साए विधायक के पति, साथियों ने की मारपीट
कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर गणपत ने बताया कि विधायक के पति उनसे बात कर रहे थे। वह कह रहे थे कि यह खनन हो रहा है और बाहर मिट्टी बेची जा रही है। यह ठीक नहीं। यदि खनन होगा तो एफआईआर दर्ज करा देंगे। तुम लोग बाहर के हो कुछ नहीं कर पाओगे। इस बातचीत का अखिलेश वीडियो बना रहा था। इससे विधायक के पति गुस्सा गए और उनके साथियों ने अखिलेश के साथ मारपीट कर दी।
सूत मिल में सपा के लोग रहे खनन, मैं होती तो जूतों से मारती : विधायक
कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने फोन पर बताया कि वहां सपा के लोग खनन कर रहे हैं। 14 मार्च को डॉक्टर साहब (अजीत गंगवार) के साथ वह भी थीं। हमारी गाड़ी आगे निकल गई थी। उनकी गाड़ी को खनन करने वाले सपा के लोगों ने रोक लिया। ठेकेदार ने ही अभद्रता की। वीडियो में मारपीट होती नहीं दिख रही है।
कोई भी किसी के भी खिलाफ तहरीर दे सकता है। यदि मैं आगे न निकली गई होती मैं उसे जूतों से मारती। विधायक ने कहा कि खनन के काम में जिसकी भी मिलीभगत है उसे मैं जेल भिजवाऊंगी। चाहे वह खनन निरीक्षक हो या कोई अन्य।
यदि बिना अनुमति के खनन हो रहा है तो बिना खनन निरीक्षक की मिलीभगत के हो ही नहीं सकता। जिले में अन्य जगह जो रहा है उस पर कोई कुछ सवाल नहीं उठाता। मैं और मेरा परिवार इन सब कामों से दूर रहता है। हम लोग तो पहले से ही संपन्न हैं।