औरैया के बिधूना कस्बे के मोहल्ला तिलक नगर से 10 दिन पहले लापता हुए युवक का शव बुधवार को गांव से कुछ दूर स्थित कमलपुर नहर पुलिया के पास टुकड़ों में मिला। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी पुलिस की ओर से खोजबीन नहीं करने का आरोप लगा हंगामा किया।
इस पर एसआई को निलंबित कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति है। ग्रामीणों ने हत्या की अशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला तिलक नगर निवासी सौरभ (24) पुत्र सुरेंद्र सिंह 26 मार्च को अचानक लापता हो गया था। उसके परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार सुबह सौरभ का शव बेला थाना क्षेत्र के कमलपुर पुलिया के समीप बंबा के किनारे झाड़ियों में कई टुकड़ों में कटा मिला।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान सौरभ के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस सक्रिय होती तो सौरभ को बचाया जा सकता है।
उन्होंने हत्या के बाद शव को काट कर फेंकने की बात कही। एएसपी पंकज ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की तो वे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का आक्रोश देख उन्होंने एसआई सतेंद्र सिंह को लापरवाही के आरोप में निलंबित करने की बात कही, जब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी ने बताया कि देर शाम एसआई को निलंबित कर दिया गया है।