रूरा। थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता युवती बुधवार को अपने प्रेमी संग थाने पहुंची और पुलिस को शादी करने के साक्ष्य दिए। इसी बीच दोनों के परिजन जा पहुंचे। कई घंटों की खींचतान के बाद शादी को लेकर सहमति जताई गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने 10 मार्च को बेटी के लापता होने पर गांव के एक युवक के खिलाफ तहरीर दी थी। बुधवार सुबह युवती स्वयं प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। युवती ने पुलिस को बालिग होने के प्रमाण दिए। साथ ही आर्य समाज मंदिर में शादी करने की जानकारी दी। मामले की जानकारी होने पर दोनों के परिजन भी थाने पहुंच गए। शादी को स्वीकार ना करने को लेकर दोनों के परिजनों में काफी गहमागहमी हुई। परिजनों के समझाने के बाद भी दोनों साथ रहने पर अड़े रहे। दोपहर बाद दोनों के परिजनों ने भी शादी को स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि युवती बालिग है। दोनों के परिजनों से शादी को लेकर सहमति जताकर समझौता कर लिया है। युवती को उसके प्रेमी को सौंप दिया गया है।