कन्नौज के थानाक्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात शातिर बदमाश घर से महिला को तमंचे के बल पर उठा ले गया। बाग में बनी कोठरी में उससे दुष्कर्म किया। सुबह महिला को गांव के बाहर छोड़कर भाग गया। महिला को बदहवास हालत में देख यूपी 100 पुलिस उसे लेकर घर पहुंची। फिर पीड़िता पति के साथ विशुनगढ़ थाना पहुंची।
यहां पीड़िता की तहरीर पर पुलिस नेे आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। ग्राम कैरदा निवासी भोला ठाकुर शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ विशुनगढ़, छिबरामऊ और सौरिख थाने में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह एक माह पहले ही जेल से छूट कर आया है।
घर में घुसकर तमंचे के बल पर महिला को उठाया
भोला ठाकुर ने थानाक्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात करीब नौ बजे एक घर में घुसकर तमंचे के बल पर महिला को उठा लिया। पीड़िता का आरोप है कि शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पति ने विरोध किया तो उसे भी तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भोला ठाकुर उसे गांव से दूर एक बाग में बनी एक कोठरी में ले गया। यहां दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर मारपीट भी की। उधर, पति ने रात में ही विशुनगढ़ पुलिस को घटना की जानकारी दी तो पुलिस महिला की तलाश में जुट गई। सुबह आरोपी पीड़िता को गांव के बाहर छोड़कर भाग गया। यूपी 100 पुलिस ने महिला को देखा तो घर ले गई। इसके बाद पति के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
महिला को घर से तमंचे का भय दिखाकर ले गया
पुलिस ने उत्पीड़न, दुष्कर्म समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी करुणानिधि सरोज ने बताया कि भोला ठाकुर शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ करीब दो दर्जन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। रात में वह महिला को घर से तमंचे का भय दिखाकर ले गया और दुष्कर्म किया।
मामले की जानकारी रात में ही पति ने दे दी थी, कई जगह महिला और आरोपी की तलाश में छापेमारी भी की, कुछ पता नहीं चला। सुबह महिला यूपी 100 पुलिस को मिली। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।