उन्नाव जिले में बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मानसिक बीमारी से ग्रसित 16 वर्षीय किशोरी से गांव के ही दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी को जब गर्भ ठहर गया तब परिजनों को जानकारी हुई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की दस साल पहले मौत हो गई थी। मानसिक बीमारी से ग्रसित बेटी भाइयों के साथ ही घर में रहती थी। चार महीने पहले गांव के दो युवकों ने किशोरी को घर में अकेला पाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। किशोरी को किसी से कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी से सहमी किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। दो दिन पहले जब उसने पेट में दर्द होने की बात कही।
घरवालों ने डॉक्टर को दिखाया तो करीब तीन महीने का गर्भ होने की जानकारी हुई। इसके बाद किशोरी ने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। पिता रविवार को कोतवाली पहुंचा और गांव के ही दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट की है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।