कानपुर के कल्याणपुर में कार टैक्सी चलाने वाले एक शख्स की नाबालिग बेटी ने इलाके के दो लोगों पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। भीड़ की मदद से पीड़िता की मां ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस दिन भर पीड़िता और उसकी मां को थाने में बिठाए रही। देर शाम मामला मीडिया में आने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
टैक्सी चालक की पत्नी पार्लर में नौकरी करती है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह 16 वर्षीय बेटी के साथ कल्याणपुर बाजार गईं थीं। वहां से खरीदारी करने के बाद वह पार्लर चली गई। बेटी को अकेले घर भेज दिया। आरोप है कि रास्ते में शाकिर और कल्लू ने बेटी को दबोच लिया।
आरोपी जबरदस्ती उसे छपेड़ा पुलिया के पास एक कमरे में ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। आरोपियों के भागने के बाद बेटी ने मोबाइल से सूचना दी तो मां मौके पर पहुंची।
एक आरोपी नजर आ गया तो भीड़ की मदद से आरोपी को पकड़ा और पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी मुताबिक आरोपी शाकिर के खिलाफ दुष्कर्म और कल्लू पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। शाकिर से पूछताछ की जा रही है।