औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम में शौच को गई किशोरी से बुधवार की रात चार युवकाें ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली में बैठा लिया गया है।
14 वर्षीय किशोरी के पिता ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 31 जुलाई की रात लगभग नौ बजे उसकी पुत्री शौच के लिए मैदान गई हुई थी। वहां आरिफ पुत्र सुलेमान व बंटी पुत्र वीरेंद्र के अलावा दो अज्ञात युवकों ने अंधेरा पाकर उसकी पुत्री को मैदान में पकड़ लिया और उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
पिता ने बताया कि जब उसकी पुत्री के चिल्लाने की आवाज आई तो उसकी मां दौड़कर मैदान की तरफ गई। जहां उसकी पुत्री मैदान के पास बनी पानी की टंकी के पास अस्त-व्यस्त अवस्था में मिली। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली के एसएसआई शशांक राजपूत ने बताया कि मामले की रिपोर्ट सामूहिक दुष्कर्म की धारा में दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है। कुछ लोगों को कोतवाली में पूछताछ के लिए लाया गया है। अभी आरोपी नहीं पकड़े जा सके हैं।