उन्नाव से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी व उसके परिजनों ने जेल में बंद आरोपी विधायक व सह आरोपी महिला के परिजनों पर सुलह का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
एसपी कार्यालय में अधिकारियों के न मिलने पर सुप्रीम कोर्ट व सीबीआई को पत्र भेजकर शिकायत की है। किशोरी व उनके परिजनों का कहना है कि वह सभी सीबीआई के गवाह हैं।
एसपी कार्यालय आए परिजनों ने बताया कि 7 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे एक कार से आरोपी विधायक व सह आरोपी महिला के परिजन व दो अज्ञात व्यक्ति आए और मुकदमों में सुलह करने की बात कही।
बोले, जेल में बंद लोगों की जमानत तो हम मंजूर करा लेंगे, लेकिन इस परिवार को फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल में सड़वा देंगे। परिजनों ने सुप्रीम कोर्ट व सीबीआई कार्यालय भेजे गए पत्र में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।