कानपुर। अनवरगंज थाना क्षेत्र के लाटूश रोड में शुक्रवार रात बदमाशों ने एक कर्मचारी से 10 हजार रुपये सैलरी लूटकर पीटते हुए चलते ई-रिक्शा से फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उर्सला में भर्ती कराया। पुलिस घटनास्थल पर पूछताछ कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।
शक्कर मिल खलवा निवासी 50 वर्षीय प्यारेलाल फूलवाली गली में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक मई को उन्हें 10 हजार रुपये सैलरी मिली थी। ड्यूटी से निकलने के बाद वह ई-रिक्शा पर बैठ गए। लाटूश रोड पर कुछ दूर चलने पर दो बदमाशों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उनके पास रखे रुपये लूटे और जान से मारने की धमकी देते हुए चलते ई-रिक्शा से धक्का दे दिया। आरोपी इसके बाद तेजी से ई-रिक्शा लेकर भाग निकले।
राहगीरों ने किसी तरह उन्हें सड़क से उठाकर किनारे किया। परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें घायलावस्था में उर्सला में भर्ती कराया। अनवरगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया जा रहा है।
टक्कर मारकर गिराया, फिर चेन लूटी
सीसामऊ थाना क्षेत्र के पीरोड निवासी हरिकृष्ण जायसवाल ने पुलिस को बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 11 बजे लेनिन पार्क से अपनी दो पहिया वाहन से वापस घर की तरफ अंडा खाकर आ रहा थे। तभी इंडसन बैंक शाखा पीरोड के पास तेज रफ्तार से स्कूटी सवार व्यक्ति ने लूट की नीयत से टक्कर मारकर गिरा दिया। 4-5 और युवक आ गए और पीटने लगे। किसी ने उनकी चेन लूट ली। इसके बाद आरोपी धक्का देकर भाग निकले। सीसामऊ एसीपी अमरनाथ यादव ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।