कानपुर में मेट्रो के काम का शुभारंभ करने शुक्रवार को आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हैलीपैड पर स्वागत करने के लिए जनप्रतिनिधियों और पुलिस में तकरार हो गई। वहां तैनात पुलिस ने पहले कैबिनेट मंत्री सतीश महाना की गाड़ी रोकी, उसके बाद महापौर प्रमिला पांडेय की गाड़ी।
महापौर तो गाड़ी से उतरकर पैदल चलने लगीं, लेकिन महाना ने गाड़ी में बैठे-बैठे ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। वहां मौजूद अन्य भाजपाई हंगामा करने लगे।
बाद में महाना की गाड़ी को आगे जाने दिया गया। महापौर को पैदल चलते देख महाना ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया। जिस समय महाना पुलिसकर्मियों को फटकार लगा रहे थे।
उसी समय जिलाधिकारी और एसएसपी भी वहां पहुंच गए। दोनो अधिकारियों ने इस पूरे मामले में कैबिनेट मंत्री से सुरक्षाकर्मियों की गलती पर क्षमा मांगी और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
महाना ने अधिकारियों से कहा कि यह सब पहले से तय होना चाहिए कि कौन हैलीपैड तक जाएगा, कौन नहीं। यह सब चल रहा था, तभी सीएम का हेलीकॉप्टर भी आ गया।
सीएम के स्वागत के लिए आईआईटी निदेशक अभय करिंदकर, सांसद सत्यदेव पचौरी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, मंत्री सतीश महाना, कमल रानी वरुण, नीलिमा कटियार, विधायक अरुण पाठक, अभिजीत सिंह सांगा, सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी, अनीता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।