कानपुर में नकली और मिलावटी शराब से होने वाली मौतों को लेकर आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग मंत्री नितिन अग्रवाल ने बुधवार को विभागीय अधिकारियों को चेताया। सर्किट हाउस के सभागार में कानपुर मंडल के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि इस तरह से होने वाली घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। जो लोग नकली और मिलावटी शराब के कारोबार में लिप्त हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि शराब की सभी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से चालू हालत में होना चाहिए। हर महीने उसकी पूरी रिकार्डिंग भी सुरक्षित रखने को कहा। इस बीच उन्होंने शासन से निर्धारित राजस्व को लेकर भी अधिकारियों को सतर्कता दिखाने की बात कही। उन्होंने बताया कि मंडल के सभी जिलों का राजस्व लक्ष्य बढ़ाया गया है।
उन्होंने राजस्व को लेकर कार्य योजना तैयार करके उसकी रिपोर्ट देने को भी कहा। इस अवसर पर ज्वाइंट एक्साइज कमिश्नर जैनेंद्र उपाध्याय, डिप्टी एक्साइज कमिश्नर महेश प्रसाद, जिला आबकारी अधिकारी आनंद प्रकाश, नीरेश पालिया, विजय पाल, सुरेंद्र कुमार, राजेश प्रसाद, अखिलेश तिवारी, महेश प्रसाद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।