केंद्रीय शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमिता विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान चित्रकूट जिले पहुंचे। उन्होंने रविवार को ग्रामोदय से राष्ट्र उदय की अवधारणा को लेकर लग रहे ग्रामोदय मेला का शुभारंभ डीआरआई के उद्यमिता विद्यापीठ परिसर में किया। यहां पर चार दिवसीय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की गई हैं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उत्तराखंड सरकार के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, एमपी सरकार के सूक्ष्म लघु एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, पंचायत राज ग्रामीण विकास मंत्री रामखेलावन पटेल, खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह एवं यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। रविवार सुबह यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से मुख्यालय कर्वी रेलवे स्टेशन पहुंचे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, सांसद आर के पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, पंकज अग्रवाल आदि ने पहुंचकर अगवानी करते हुए स्वागत किया।