चित्रकूट। पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर एक युवक को कुछ लोगों ने लहूलुहान कर दिया। युवक ने आरोप लगाया कि थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो उसे लौटा दिया गया है।
भरतकूप थाना क्षेत्र के ग्राम भैसौंधा के रामदयाल ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार को गांव के छह लोग लाठी-डंडे व हंसिया लेकर उसके घर पहुंचे।
अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हंसिया से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद अन्य हमलावरों ने लाठी-डंडे से पिटाई की। घायल ने बताया कि सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची और सीएचसी में भर्ती कराया।
बताया कि चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार दिया गया।
आरोप लगाया कि शनिवार को जब वह सुबह थाने पहुंचा तो अभद्र भाषा का प्रयोग कर लौटा दिया गया। पीड़ित ने एसपी को लिखे पत्र में मांग की है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर हमलावरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
उधर, थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि किसी को भगाया नहीं गया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।