कानपुर के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के अरौल कस्बा क्षेत्र के सरैयादस्तम खान गांव स्थित नई बस्ती में रविवार रात छत पर सो रहा ग्रामीण संदिग्ध हालत में गोली लगने से घायल हो गया। गोली लगने से घायल को परिजन कानपुर में एक नर्सिंग होम में ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया।
तिर्वा कन्नौज के मूल निवासी विजय पाल सरैयादस्तम खान गांव स्थित नई बस्ती में पत्नी ऊषा व तीन पुत्रियों शालू, ललिता, शालिनी और दामाद प्रदीप के साथ रहते हैं। दामाद प्रदीप ने बताया कि रविवार को पूरा परिवार रोज की तरह खाना खा पीकर सोया था, गर्मी अधिक होने के कारण बाबूजी (विजय पाल) छत पर सोने चले गए।
तभी रात करीब तीन बजे एकाएक गोली चलने की आवाज सुनकर सब जाग गए और दौड़कर छत पर पहुंचे तो नकाबपोश बदमाश घर कूदकर खेतों की ओर भागते दिखे। तुरंत विजय पाल को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें कानपुर हैलट फिर लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया। उधर मामले में इंस्पेक्टर अनूप कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी तो है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।