कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के गहरा-शिवराजपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में अधेड़ समेत तीन को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया गया। जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।
करोम गांव निवासी बाइक सवार कमलेश कटियार (62) बुधवार को सास की दवा लेकर सखरेज से घर लौट रहे थे। गहरा-शिवराजपुर मार्ग पर पहुंचने पर सामने से तेज रफ्तार में आई बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में कमलेश व दूसरी बाइक पर सवार झींझक के करियाझाला निवासी अमन राठौर, चचेरा भाई प्रांशु घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी शिवली भिजवाया।
जहां डॉक्टर ने कमलेश व अमन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हैलट रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान कमलेश की मौत हो गई। अनहोनी पर मृतक की पत्नी सर्वेश कुमारी, बेटा प्रतीक, बेटी मोहिनी, रोहिणी व भाई बृजेश रो-रोकर बेहाल रहे। शिवली थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।