कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर की मिड (सम) सेमेस्टर की परीक्षाएं सोमवार 23 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षाएं 28 फरवरी तक चलेंगी। इस परीक्षा में विश्वविद्यालय परिसर के संचालित 148 प्रोग्राम के लगभग 15 हजार से ज्यादा छात्र शामिल होंगे। 75 फीसदी उपस्थिति वाले छात्रों को ही परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
विवि परिसर के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि कैंपस के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार कैंपस की मिड (सम) सेमेस्टर की परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। परीक्षार्थी किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री न लेकर आएं। डीन एकेडमिक्स प्रो. बृष्टि मित्रा ने बताया कि कैंपस की मिड (सम) सेमेस्टर की परीक्षा में वही छात्र शामिल हो पाएंगे जिनकी कक्षा में 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी होगी। हाजिरी कम होने पर छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा ।