कानपुर। जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन 2016 की मेरिट लिस्ट में यूपी बोर्ड के स्टूडेंटों का प्रदर्शन सुधरा है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) और काउंसिल फॉर द इंडियन सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन सहित 43 स्टेट बोर्ड के सामान्य वर्ग के कटऑफ मार्क्स के जो आंकड़े जारी किए गए हैं, उसमें यूपी बोर्ड का 13वां स्थान है। यूपी बोर्ड (इंटरमीडिएट) के स्टूडेंटों के सामान्य कटऑफ मार्क्स 405 हैं। वर्ष 2015 की मेरिट में यूपी बोर्ड को 23वां स्थान मिला था। यानी इस बार 10 पायदान का सुधार हुआ है।
जेईई मेन की मेरिट से एनआईटी, ट्रिपल आईटी और जीएफटी की सीटें भरी जाती हैं। इसकी काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है। गुरुवार (14 जुलाई) को काउंसलिंग की चौथे चरण की सीटें आवंटित होंगी। इससे पहले ही सीबीएसई ने जेईई मेन की मेरिट में शामिल स्टूडेेंटों और उनके मार्क्स का ब्योरा जारी कर दिया। यह मेरिट जेईई मेन के 60 फीसदी मार्क्स और बोर्ड के 40 फीसदी मार्क्स को जोड़कर बनाई जाती है। यह पहला मौका रहा, जब यूपी बोर्ड ने इंटरमीडिएट के स्टूडेेंटों को दिल खोलकर नंबर दिए। इसका फायदा जेईई मेन की मेरिट लिस्ट में देखने को मिला है। जो आंकड़े आए हैं, उसके मुताबिक सामान्य श्रेणी के कटऑफ मार्क्स हाई गए हैं। तेलंगाना स्टेट बोर्ड के सामान्य कटऑफ मार्क्स 475 हैं। 470 मार्क्स के साथ आंध्र प्रदेश स्टेट बोर्ड दूसरे पायदान पर है। सीबीएसई से 430 और आईसीएसई से 443 मार्क्स पाने वाले स्टूडेंटों को जेईई मेन की मेरिट में जगह मिल सकी है। जम्मू एंड कश्मीर स्टेट बोर्ड की सामान्य कटऑफ 409 मार्क्स, पंजाब स्कूल एजूकेशन बोर्ड के 415 मार्क्स, तमिलनाडु के 436 मार्क्स, जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली के 416 मार्क्स हैं।