कानपुर हैलट में सक्रिय एक मेडिकल स्टोर के दलाल ने रविवार को मरीज से पर्चा छीनकर जबरन महंगे दाम पर दवाएं दिला दीं। दलाल ने जूनियर डॉक्टर को भी बदनाम करने की कोशिश की। तीमारदार की शिकायत पर पुलिस ने दवाएं वापस कराईं। मेडिकल कालेज प्राचार्य ने मेडिकल स्टोर, निजी पैथालॉजी के दलालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
हमीरपुर निवासी पान कुमारी (55) सड़क हादसे में घायल होने की वजह से हैलट के वार्ड नंबर 8 के बेड नंबर - 17 में भर्ती हैं। रविवार को जूनियर डॉक्टरों ने रात में ऑपरेशन करने का हवाला देकर मरीज को दवाओं का पर्चा थमा दिया।
पान कुमारी के अनुसार कुछ देर बाद एक युवक आया। उसने खुद को मेडिकल स्टोर कर्मी बताकर पर्चा छीन लिया। एक व्यक्ति से बात कराते हुए कहा कि ये जूनियर डॉक्टर हैं। ये जिस मेडिकल स्टोर से दवाएं मंगाते हैं, उसी से आए हैं। वहीं से दवाएं खरीदो, वरना आपरेशन नहीं होगा।