मृतक अरुण कुमार की फाइल फोटो व घटनास्थल पर लगी परिजनों एवं ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
जालौन जिले के एट में घर से लापता हुए अधेड़ का शव रेलवे ट्रैक के किनारे क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। वहां से गुजर रहे किसानों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त आसपास के क्षेत्र में कराई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहचान कर ली। परिजनों ने बताया कि अधेड़ का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था। एट थाना क्षेत्र के ग्राम पिरौना निवासी अरुण कुमार अहिरवार उर्फ टीटू (40) पुत्र लखन अहिरवार रविवार शाम घर से गांव में घूमने के लिए कहकर निकला था।
देर शाम तक जब घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसे गांव में ढूंढा एवं आसपास के लोगों से जानकारी की लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। सुबह खेतों में काम करने जा रहे किसानों ने थाना क्षेत्र के विरगुवां गांव के पास से निकली कानपुर-झांसी रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मृतक की शिनाख्त कराई गई तो पिरौना निवासी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई। खबर लगते ही घर में मातम छा गया और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।